स्वगणना के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति स्वयं दर्ज कर सकेगा अपने परिवार एवं आवास से संबंधित आवश्यक विवरण।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली।। अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) एवं जिला जनगणना अधिकारी सहदेव मिश्र ने बताया कि जनगणना-2027 के अंतर्गत आमजन को स्वगणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया एवं इसके महत्व के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद में निरंतर विशेष जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज उद्योग एवं परिवहन दिवस के अवसर पर विशाखा इंडस्ट्रीज में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विशाखा इंडस्ट्रीज में कार्यरत समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना-2027 के अंतर्गत स्वगणना की अवधारणा, महत्व एवं प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि स्वगणना के माध्यम से नागरिक निर्धारित ऑनलाइन माध्यम का उपयोग करते हुए स्वयं अपने परिवार एवं आवास से संबंधित आवश्यक जानकारियां दर्ज कर सकेंगे।
इस अवसर पर कर्मचारियों को स्वगणना की प्रक्रिया अपनाने, निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा सभी विवरणों को सही एवं सटीक रूप से भरने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही उन्हें बताया गया कि जनगणना देश की महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, नीतियों एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जिला जनगणना अधिकारी ने बताया कि जनगणना-2027 के अंतर्गत स्वगणना अभियान को जनपद के विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों तथा अन्य कार्यस्थलों तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इस प्रक्रिया से जोड़ते हुए व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
