कोठी में श्रीमद् भागवत कथा से पूर्व निकली भव्य कलश यात्रा

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

हैदरगढ़ (बाराबंकी)। विधानसभा क्षेत्र हैदरगढ़ के कस्बा कोठी में 26 नवंबर से 2 दिसंबर तक आयोजित होने वाले सात दिवसीय ‘श्रीमद् भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ’ के शुभारंभ से पूर्व बुधवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई।

यह यात्रा कस्बा कोठी से प्रारंभ होकर त्रिवेदीगंज क्षेत्र स्थित अति प्राचीन अवसानेश्वर महादेव मंदिर तक गई। वहाँ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश पूजन, जलभरण एवं देवाधिदेव महादेव का अभिषेक व पूजन किया गया। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

आयोजन की मुख्य यजमान श्रीमती विंध्यावती सिंह हैं। वहीं, श्री भारत मिलाप आश्रम, ऋषिकेश (उत्तराखंड) के महंत एवं कथा व्यास आचार्य श्री नारायण दास जी महाराज अपने श्रीमुख से कथा का रसपान कराएंगे। इस अवसर पर आयोजक आलोक कुमार सिंह एवं अनुज कुमार सिंह ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

Related posts