Balrampur: गर्मी के दिनों में शरीर में पानी की कमी न होने दें- डॉ सीपी सिंह

धारा लक्ष्य समाचार विनय कुमार

बलरामपुर ब्यूरो चीफ अप्रैल महीने में बलरामपुर जिले में भीषण गर्मी और तपिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। तेज लू और चिलचिलाती धूप का असर उतरौला बाजार और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी साफ देखा जा सकता है।

अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला, डॉ सीपी सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि लू और गर्मी से बचने के लिए विशेष सतर्कता बरतें। उन्होंने कहा कि यदि बहुत आवश्यक न हो तो दिन के गर्म समय में घर से बाहर निकलने से बचें। बाहर निकलने की स्थिति में सिर को अच्छी तरह से ढककर ही घर से बाहर जाएं, ताकि तेज धूप और लू के प्रभाव से बचा जा सके।

डॉक्टर सीपी सिंह ने सलाह दी कि गर्मी के दिनों में शरीर में पानी की कमी न होने दें। इसके लिए अधिक से अधिक पानी पिएं और तरल पदार्थों जैसे नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी आदि का सेवन करें। साथ ही, तरबूज, खीरा, खरबूजा जैसे फलों का भी नियमित रूप से सेवन करने की सलाह दी गई है।

उन्होंने बताया कि लू लगने पर सिरदर्द, चक्कर आना, अत्यधिक थकावट, और शरीर में कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। ऐसी स्थिति में तुरंत ठंडी जगह पर आराम करें और पर्याप्त पानी पिएं। अगर हालत में सुधार न हो तो नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।

डॉ सीपी सिंह ने किसानों को भी आगाह किया कि तेज हवाओं और संभावित ओलावृष्टि को देखते हुए वे अपनी फसलों के उचित भंडारण की व्यवस्था करें और खुले में पड़े सामान को सुरक्षित स्थान पर रखें।

बलरामपुर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लू और तपिश को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट कर दिया है और नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम को देखते हुए पूरी सावधानी बरतें तथा किसी भी आपात स्थिति में स्वास्थ्य केंद्रों से संपर्क करें।

Related posts