Balrampur news: वाटर कूलर या तो खराब फिर उनमें से पानी का गिराव बेहद धीमा होने से परेशानी

धारा लक्ष्य समाचार

विनय कुमार बलरामपुर ब्यूरो चीफ गर्मी की भीषण तपिश ने उतरौला क्षेत्र में लोगों की प्यास बढ़ा दी है, लेकिन नगर पालिका परिषद द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में लगाए गए वाटर कूलर लोगों की प्यास बुझाने में नाकाम साबित हो रहे हैं। ज्यादातर वाटर कूलर या तो खराब पड़े हैं या फिर उनमें से पानी का गिराव बेहद धीमा है, जिससे लोग मजबूरन बोतलबंद पानी खरीदने को विवश हैं।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि नगर पालिका द्वारा आरो वाटर कूलर विभिन्न मोहल्लों में लगाए गए थे, लेकिन देखरेख के अभाव में ये अब शोपीस बनकर रह गए हैं। “गर्मी में ठंडा पानी मिलना तो दूर, कई जगहों पर तो पानी की धार भी नहीं निकलती,” मोहल्ला गांधी नगर निवासी महताब ने शिकायत करते हुए कहा। यही स्थिति नगर के अन्य वार्डों में भी देखी जा सकती है।

अमरनाथ का कहना है कि, “इन वाटर कूलरों की खराबी के कारण लोग मजबूरन डिब्बाबंद पानी पर निर्भर हो रहे हैं। एक तरफ तपती धूप और दूसरी तरफ पीने के पानी का संकट, आम जनता के लिए दोहरी मार है।”

गौरतलब है कि बोतलबंद पानी न सिर्फ महंगा है, बल्कि इसकी गुणवत्ता पर भी सवाल उठते रहे हैं। बाजार में बिकने वाले कई ब्रांड मानकों पर खरे नहीं उतरते, फिर भी लोग मजबूरी में इसे खरीदने को मजबूर हैं।

नगर पालिका के अधिकारियों से कई बार शिकायतें की गई हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द वाटर कूलरों की मरम्मत कराई जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।

अगर समय रहते इन वाटर कूलरों की मरम्मत और देखरेख नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में जल संकट और भी भयावह रूप ले सकता है। नगर पालिका की उदासीनता पर सवाल उठाते हुए स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

Related posts