धारा लक्ष्य समाचार पत्र मोहसिन रजा जैदपुर
जैदपुर, बाराबंकी। जैदपुर क्षेत्र में हर्षोल्लास व अकीकद से मनाया गया ईद-उल-अज़हा का पर्व।प्रशासन द्वारा ईदगाह परिसर के अंदर ही नमाज अदा करने के निर्देश के अनुपालन में क्षेत्र के अनेक मस्जिदों में 5:45 से शुरू होकर 7:30 बजे तक नमाजे अदा की गई। इस दौरान ईदगाह के जिम्मेदारों द्वारा नमाजियों से सड़क पर नमाज ना पढ़ने की लगातार अपील जारी किया।
बताते चलें थाना चौराहा स्थित नई ईदगाह में इमाम ईदगाह हाफ़िज़ अजीजुद्दीन द्वारा बकरा ईद की नमाज अदा कराई गई। इसके पश्चात सैकड़ो की संख्या में उपस्थित नमाजियों ने देश में अमन चैन और भाईचारे की तरक्की के लिए दुआ मांगी। 
ईदगाह के बाहर जनप्रतिनिधियों व समाजसेवियों द्वारा गले मिलकर नमाजियों का इस्तकबाल किया। इसी क्रम में बड़ापुरा स्थित पुरानी ईदगाह में कारी मोहम्मद हलीम द्वारा ईद-उल-अज़हा की नमाज अदा कराई व देश दुनिया में अमन के लिए दुआएं मांगी। तो वहीं शिया जामा मस्जिद में मौलाना सरफ़राज़ हुसैन द्वारा ईद-उल-अज़हा की नमाज अदा कराई और अली अकबर कटरा सहित क्षेत्र की अन्य ईदगाहों में भी इमामो द्वारा शांतिपूर्ण तरीके से नमाजे अदा कराई।
ईद-उल-अज़हा पर्व पर प्रशासन भी मुस्तैद दिखा। इस दौरान पर्व में होने वाली कुर्बानी के अवशेष के लिए गड्डो की खुदाई, साफ-सफाई व्यवस्था, चूना छिड़काव और मस्जिदों के आसपास साफ सफाई का कार्य युद्ध स्तर पर कराया गया। लगातार पुलिस प्रशासन द्वारा क्षेत्र में गस्त कर लोगों में सुरक्षा का आभास कराता रहा।
चेयरमैन प्रतिनिधि दाऊद अलीम द्वारा लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने के साथ कुर्बानी के अवशेष नगर प्रशासन द्वारा निर्धारित खड्डो में डालने की अपील की गयी।

