Amethi UP : ग्रामीण बैंक का सर्वर दिनभर रहा ठप,घंटो इंतजार करने के बाद ग्राहकों को लौटना पङा मायूस

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

अमेठी। ग्रामीण बैंक शाखा का सर्वर सोमवार को पूरे दिन ठप रहा, जिससे ग्राहकों का लेन-देन पूरी तरह रुक गया। धन निकासी, जमा और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन जैसी सेवाएँ प्रभावित होने से किसान, व्यापारी, नौकरीपेशा और आम उपभोक्ता सभी परेशान नजर आए। सुबह से ही बैंक में लंबी कतारें लगीं, लेकिन सर्वर न चलने के कारण उपभोक्ताओं को बैरंग लौटना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, 19 से 22 सितंबर तक आर्यावर्त बैंक का डाटा माइग्रेशन कार्य चल रहा है। इसी वजह से यूपी ग्रामीण बैंक की स्थानीय शाखा में किसी भी प्रकार का लेन-देन संभव नहीं हो सका। सुबह 10:30 बजे से ग्राहक आवश्यक कार्यों के लिए बैंक पहुंचे, परंतु दोपहर तक इंतजार करने के बावजूद उनका काम नहीं हो पाया।

व्यापारी वर्ग ने शिकायत की कि नकद लेन-देन न होने से बाजार का कारोबार प्रभावित हुआ, वहीं किसानों ने कहा कि फसल की बुवाई के लिए उन्हें बीज व खाद खरीदना था, लेकिन नकदी न मिलने से परेशानी बढ़ गई।

शाखा प्रबंधक मिसरौली ने बताया कि आर्यावर्त बैंक और प्रथमा बैंक का ग्रामीण बैंक में विलय होने के कारण यह तकनीकी प्रक्रिया जरूरी है। उम्मीद जताई गई कि मंगलवार से सभी सेवाएँ फिर से सुचारू रूप से शुरू हो जाएँगी। उन्होंने ग्राहकों से धैर्य रखने की अपील की और भरोसा दिलाया कि सर्वर बहाल होने के बाद सभी लंबित कार्य निपटा दिए जाएंगे।

ग्रामीणों और उपभोक्ताओं ने बैंक प्रबंधन से मांग की कि भविष्य में इस तरह की तकनीकी समस्याओं से बचाव के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि आम जनता को इस तरह की मुश्किलों का सामना न करना पड़े।

Related posts