रानी सुषमा देवी महिला महाविद्यालय में मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत हुआ कार्यक्रम
महिलाओं को जागरूक और सतर्क रहना चाहिए- एसपी
पुलिस बेटियों की सहायता के लिए हर समय है तत्पर – एसपी
अमेठी। शनिवार को अमेठी के रानी सुषमा देवी महिला महाविद्यालय में मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महिला सुरक्षा व जागरूकता के इस कार्यक्रम में एसपी अपर्णा रजत कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ पूनम सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए छात्राओं को मिशन शक्ति के महत्व के बारे में बताया और आधुनिक परिवेश में महिला अधिकारों व सुरक्षा के प्रति
जागरूक रहने की अपील किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा स्वागत गीत, वंदना, देशभक्ति गीत व महिला सुरक्षा के थीम पर नाटक प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एसपी अमेठी अपर्ण रजत कौशिक ने कहा कि, आज के युवा एक साइबर वर्ल्ड में रह रहे हैं जहां सोशल मीडिया की एक ऐसी दुनिया है जिसमें हम सब लोग जुड़े हुए हैं। साइबर दुनिया मे आप कुछ भी करते हैं तो एक डिजिटल फुटप्रिंट बनता है। जिसके दुरुपयोग का भी जोखिम रहता है और साइबर क्राइम भी हो सकता है, जिससे सावधान रहने की जरूरत है। सोशल मीडिया पर कोई जानकारी सोच समझकर डालें और सिक्योरिटी फीचर का जरूर ध्यान रखें। एआई के दौर में निजी जानकारी का साइबर अपराधी दुरुपयोग कर सकते हैं इससे सतर्क रहने की जरूरत है, और समय रहते साइबर क्राइम को रेपोर्ट करना चाहिए।

छात्राओं को संबोधित करते हुए एसपी ने कहा कि महिलाओं को अपनी सुरक्षा के लिए भी सजग रहने की जरूरत है, आज पुलिस ने 1090 की व्यवस्था दे रखी है जिस पर यदि महिलाएं अपनी समस्याएं बताती हैं तो उनकी पहचान भी गुप्त रखी जाती है और पुलिस तुरंत कार्रवाई करती है। एसपी ने छात्राओं से कहा कि यदि वह पब्लिक ट्रांसपोर्ट इस्तेमाल करती हैं तो उसकी जानकारी भी अपने घर वालों को तुरंत शेयर कर दिया करें। एसपी ने छात्राओं को कॅरियर निर्माण के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में
छात्राएं, महाविद्यालय के शिक्षक, महिला थाना प्रभारी कंचन सिंह व टीम, एसएचओ अमेठी रवि सिंह आदि उपस्थित रहे। इस दौरान छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक से रोचक प्रश्न पूछे जिसका एसपी ने व्यावहारिक उदाहरणों के साथ जवाब दिया।

