Amethi UP: सड़क हादसे में नल बनाने वाला मिस्त्री गंभीर रूप से घायल

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

अमेठी। 3 अक्टूबर दिन शुक्रवार सुबह 11 बजे कोतवाली क्षेत्र के महिला पॉलिटेक्निक के पास गोपालपुर मोड़ पर सड़क हादसे में नल बनाने वाले मिस्त्री वीपत गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार वीपत निवासी बॉलीपुर मजरे महमूदपुर के रहने वाले मिस्त्री अपने दोपहिया वाहन से घर से अमेठी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे अज्ञात वाहन से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।

दुर्घटना में मिस्त्री के बाये पैर मे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद स्थानीय राहगीरों ने तत्काल घायल को उठाकर सीएचसी अमेठी पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर उनकी हालत नाजुक देखते हुए आगे के इलाज की व्यवस्था की।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा आमने-सामने की टक्कर से हुआ और टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को भी दी। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार वाहन चालक की तलाश जारी है।

इस सड़क हादसे से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। लोगों ने बताया कि गोपालपुर मोड़ पर आए दिन वाहनों की रफ्तार और लापरवाही के कारण दुर्घटनाएँ होती रहती हैं, जिस पर रोकथाम के लिए प्रशासन को कदम उठाने की आवश्यकता है।

Related posts