गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 16 एटीएम कार्ड, 38,350 रुपये और चोरी की मोटरसाइकिल व बोलेरो बरामद।
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
अमेठी। पुलिस अधीक्षक अमेठी अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी अमेठी मनोज कुमार मिश्र के नेतृत्व में चलाए गए। अभियान के तहत थाना अमेठी पुलिस ने 03.10.2025 को एटीएम कार्ड धोखाधड़ी में संलिप्त तीन अंतरजनपदीय अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त नाजिम अली (40 वर्ष), दिलशाद खाँ (26 वर्ष), और शादाब खाँ (21 वर्ष) निवासी प्रतापगढ़।
तलाशी के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से विभिन्न बैंकों के कुल 16 एटीएम कार्ड, 38,350 रुपये नकद, चोरी की 01 मोटरसाइकिल और घटना में प्रयुक्त 01 बोलेरो गाड़ी बरामद हुई। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे रायबरेली, अमेठी, प्रतापगढ़, प्रयागराज और सुलतानपुर जिलों में एटीएम बूथों पर ग्राहकों के एटीएम कार्ड बदलकर और पासवर्ड देखकर उनके खाते से पैसे निकालते थे।
विशेष रूप से, अभियुक्तों ने बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक और एसबीआई अमेठी के एटीएम बूथों से क्रमशः 61,000 रुपये, 36,000 रुपये और 80,000 रुपये की धोखाधड़ी की। गिरफ्तार अभियुक्त शातिर अंतरजनपदीय अपराधी हैं, और उनके विरुद्ध अमेठी, प्रतापगढ़ व प्रयागराज में हत्या के प्रयास, लूट, धोखाधड़ी व आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत हैं।
पुलिस अधीक्षक अमेठी ने इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस टीम को 10,000 रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की।

