ब्यूरो चीफ रवि प्रकाश द्विवेदी अमेठी
संग्रामपुर/अमेठी। जिले के विकास खण्ड संग्रामपुर क्षेत्र में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तीन शाखाओं पर विजयदशमी उत्सव बड़े ही धूमधाम और अनुशासनपूर्ण तरीके से मनाया गया। क्षेत्र के मिश्रौली माफी स्थित पुष्कर भवन में एकत्रीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसकी देखरेख जिला संचालक रणजीत सिंह ने की। कार्यक्रम की शुरुआत संघ के प्रतीक ध्वज स्थापना और डंड पूजन के साथ हुई।

कार्यक्रम के अध्यक्ष राधेश्याम तिवारी ने उत्साहवर्धक गीत प्रस्तुत किया, जिसके पश्चात सभी स्वयंसेवकों ने ध्वज प्रणाम किया। इस अवसर पर जिला संचालक रणजीत सिंह, खंड संचालक विनोद पांडेय और कार्यक्रम अध्यक्ष राधेश्याम तिवारी ने आरएसएस की स्थापना और उसके शताब्दी वर्ष की पृष्ठभूमि पर विस्तार से प्रकाश डाला। विजयदशमी उत्सव के उपलक्ष्य में विशेषरगंज में भव्य पथ संचलन निकाला गया।

यह संचलन गोरखापुर के कालीमाई मैदान से गाजे-बाजे और घोष की मधुर धुनों के साथ प्रारंभ होकर कालीमाई चौराहा–विशेषरगंज बाजार–पोस्ट ऑफिस चौराहा–रामगढ़ द्वार से होकर पुनः कालीमाई मैदान पर समाप्त हुआ।पथ संचलन में सैकड़ों स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में अनुशासित पंक्तियों में कदमताल करते हुए शामिल हुए। बाल स्वयंसेवकों से लेकर वयोवृद्ध तक सभी में उत्साह और गर्व का भाव झलक रहा था।
विशेषरगंज बाजार में लोगों ने स्वयंसेवकों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी संग्रामपुर अखिलेश सिंह अपने पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहे। इस अवसर पर जिला प्रचारक पवन , जिला शारीरिक प्रमुख संजय , जिला पर्यावरण प्रमुख डॉ. राकेश , खंड संचालक शिव सरण ,
खंड बौद्धिक प्रमुख संजय , धर्मजागरण प्रमुख कुलदीप , कार्यक्रम अध्यक्ष शंकर बक्स सिंह, जीतेन्द्र सिंह, मंडल कार्यवाह विपिन बिहारी शुक्ला, ओम प्रकाश मिश्रा, के.एल. पांडेय, सचिन सिंह सहित अनेक प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।विजयदशमी उत्सव के इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने एकता, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का अनुपम संदेश दिया, जिसने पूरे क्षेत्र का वातावरण उत्साह और ऊर्जा से भर दिया।
