धारा लक्ष्य समाचार पत्र
अमेठी। संग्रामपुर थाना पुलिस ने तेज़ी से कार्रवाई करते हुए मात्र 12 घंटे के भीतर हत्या के मामले का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हसिया और फावड़े का बेट भी बरामद किया है।
घटना 14 अक्टूबर की है, जब पूरे घुइसर मजरे पड़री निवासी पवन यादव ने थाने में तहरीर दी थी कि उनका पुत्र राहुल अपने मित्र चन्दन के साथ खुर्दिहा भौसिंहपुर गया था। वहीं अंग्रेजी शराब के ठेके के पास दाना भुनवाने को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर चन्दन घायल हो गया और राहुल की मौके पर मौत हो गई।
मामले में मु.अ.सं. 205/25 धारा 103(1), 115(2), 109, 118(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक अमेठी अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में टीम गठित की गई।
क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार मिश्रा के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश सिंह व टीम ने मुखबिर की सूचना पर घटना में वांछित दो अभियुक्तों —
1. अशोक पुत्र वासुदेव (42 वर्ष), निवासी संग्रामपुर
2. जियालाल पुत्र स्व. पंचू (62 वर्ष), निवासी खुर्दिहा मजरे भौसिंहपुर — को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि दाना भुनवाने में देरी को लेकर राहुल व चन्दन से झगड़ा हुआ, जिसके बाद दोनों ने मिलकर हमला किया। जियालाल ने फावड़े के बेट से वार किया जबकि अशोक ने हसिया से राहुल पर प्रहार कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर दाना भुनने वाला धारदार नुकीला हसिया और फावड़े का बेट बरामद कर लिया है।
गिरफ्तारी व बरामदगी के बाद दोनों अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

