धारा लक्ष्य समाचार पत्र
जिला ब्यूरो – रवि प्रकाश द्विवेदी।

अमेठी। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग द्वारा जनपद के विभिन्न ब्लॉकों में मंगल दलों को खेल प्रोत्साहन के उद्देश्य से खेल सामग्री वितरित की गई।

अमेठी ब्लॉक परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी अमेठी बृजेश सिंह एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की अधिकारी रीना वर्मा की उपस्थिति में अमेठी, भेंटुआ, संग्रामपुर तथा भादर ब्लॉकों के मंगल दलों को वॉलीबॉल, फुटबॉल, वॉलीबॉल नेट, फिटनेस ट्यूब, स्पीकिंग सेट, एयर पंप सहित अन्य खेल सामग्रियाँ वितरित की गईं।
इस अवसर पर शिवरतन, राधेश्याम कश्यप, रविशंकर द्विवेदी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रीना वर्मा ने कहा कि युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल का उद्देश्य है कि जनपद के युवा खेलों से जुड़कर शारीरिक एवं बौद्धिक रूप से सशक्त बनें। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव से युवा खेलों से दूर होते जा रहे हैं, जो चिंता का विषय है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं ताकि उनका सर्वांगीण विकास संभव हो सके।
