Sitapur Uttar Pradesh: जिलाधिकारी ने की राजस्व व विभागीय कार्यों की समीक्षा, दिए सख्त निर्देश

राजस्व वसूली तेज करने और लंबित वादों के गुणवत्तापरक निस्तारण पर जोर

 

धारा लक्ष्य समाचार

शफीक अहमद, सीतापुर

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. की अध्यक्षता में कर एवं करेतर राजस्व प्राप्तियों तथा मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विभागीय प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।

जिलाधिकारी ने राजस्व वसूली में तेजी लाने और लक्ष्य से पिछड़ने वाले विभागों के अधिकारियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने वाणिज्यकर, आबकारी, स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन, परिवहन, विद्युत देय, नगर निकाय, वन, खनन, राजस्व और मण्डी विभागों की समीक्षा की। उन्होंने आरसी वसूली में सुधार, लंबित वादों के गुणवत्तापरक निस्तारण और प्रवर्तन कार्यवाही को प्रभावी बनाने पर बल दिया।

डीएम ने सभी एसडीएम को धान क्रय केन्द्रों का निरीक्षण, उचित दर दुकानों की जांच, तथा जन शिकायतों के स्थलीय निस्तारण के निर्देश भी दिए।

उन्होंने यह भी कहा कि आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निपटारा किया जाए और शिकायतकर्ताओं को समुचित फीडबैक प्रदान किया जाए।

बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व नीतीश कुमार सिंह, एडीएम न्यायिक खालिद अंजुम, सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts