Sitapur Uttar Pradesh: विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान में बेहतर कार्य पर चार बीएलओ सम्मानित

जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने समय से पूर्व शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा करने वाले अधिकारियों को किया सम्मानित।

धारा लक्ष्य समाचार 

सीतापुर संवाददाता शफीक अहमद

सीतापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने 147–हरगांव विधानसभा क्षेत्र के चार बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान के अंतर्गत इन बीएलओ द्वारा मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन का कार्य न केवल शत-प्रतिशत पूरा किया गया, बल्कि निर्धारित समय से पूर्व समापन कर एक मिसाल पेश की गई। उनके समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और जिम्मेदाराना कार्य ने जिले की चुनावी तैयारियों को मजबूत आधार प्रदान किया है।

सम्मानित बीएलओ में शिक्षामित्र सतीश कुमार गौतम, रोजगार सेवक अनिल कुमार वर्मा, पंचायत मित्र उमाकांत और आंगनबाड़ी कार्यकत्री गोधनी शुक्ला शामिल हैं। इन सभी ने क्षेत्र में मतदाता जागरूकता से जुड़े दायित्वों को भी पूरी ईमानदारी के साथ निभाया।

कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी सदर धामनी एम. दास, तहसीलदार सदर अतुल सेन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सम्मानित बीएलओ को भविष्य में भी इसी निष्ठा और तत्परता के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया।

Related posts