धारा लक्ष्य समाचार पत्र
अमेठी। अमेठी में गुरुवार को विद्युत निगम द्वारा उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए जागरूकता रैली निकाली गई। कस्बे के मुख्य चौराहों और गलियों से होकर गुज़री इस रैली में बिजलीकर्मियों ने माइक के माध्यम से लोगों को बिजली बिल राहत योजना की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की जा रही यह योजना उपभोक्ताओं को बड़ा राहत देने वाली है।


उन्होंने बताया कि बिजली बिल राहत योजना 1 दिसंबर से लागू हो रही है, जो तीन चरणों में संचालित होगी। पहला चरण 1 से 31 दिसंबर, दूसरा 1 से 31 जनवरी, और तीसरा चरण 1 से 28 फरवरी तक चलेगा। योजना के दौरान उपभोक्ताओं पर लगा पुराना ब्याज पूरी तरह माफ रहेगा। इसके साथ ही जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक बिल जमा नहीं किया है, उन्हें मूलधन पर 25% की छूट भी मिलेगी।
विभागीय अधिकारियों ने कहा कि ऐसे उपभोक्ता जिन पर बिजली चोरी के मुकदमे लंबित हैं, उन्हें भी राहत देते हुए 50% तक की छूट देने का प्रावधान किया गया है। रैली के माध्यम से लोगों से अपील की गई कि वे समय पर पंजीकरण कर योजना का लाभ उठाएं और नियमित बिल जमा कर विभाग का सहयोग करें।
