Amethi UP : हीरापुर में SIR अभियान: मतदाता जागरूकता की मिसाल बना गांव

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

भेटुआ (अमेठी)।
हीरापुर गांव में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में भाजपा नेता एवं मंडल महामंत्री महात्मा तिवारी, ग्राम प्रधान विजय तिवारी, डॉ. अमरनाथ तिवारी, संजय मिश्रा तथा क्षेत्रीय बीएलओ की सक्रिय भागीदारी रही। अभियान का उद्देश्य गांव के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाना रहा।

इस अवसर पर भाजपा नेता मंडल महामंत्री महात्मा तिवारी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए यह जरूरी है कि हर पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल हो। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने नाम की जांच अवश्य करें और यदि कोई त्रुटि हो या नाम छूट गया हो, तो विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान उसे समय रहते ठीक कराएं।

ग्राम प्रधान विजय तिवारी ने कहा कि पंचायत स्तर पर इस तरह के अभियान ग्रामीणों में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं और सभी पात्र मतदाताओं को उनके संवैधानिक अधिकार दिलाने में सहायक होते हैं। वहीं डॉ. अमरनाथ तिवारी ने जोर देते हुए कहा कि सही और अद्यतन मतदाता सूची से ही निष्पक्ष व पारदर्शी चुनाव संभव हैं, इसलिए हर नागरिक को इस प्रक्रिया में सहयोग करना चाहिए।

अभियान के दौरान संजय मिश्रा एवं बीएलओ ने ग्रामीणों को फॉर्म भरने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और निर्धारित समय-सीमा की विस्तृत जानकारी दी। मौके पर ही कई ग्रामीणों के फॉर्म भरे गए। विशेष रूप से बुजुर्गों एवं अशिक्षित मतदाताओं को फॉर्म भरने में सहयोग प्रदान किया गया।

ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस अभियान से गांव में मतदाता जागरूकता बढ़ी है और अब कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित नहीं रहेगा। हीरापुर में आयोजित यह जागरूकता अभियान लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम माना जा रहा है।

Related posts