धारा लक्ष्य समाचार पत्र
अमेठी। शनिवार शाम 4 बजे समाजवादी पार्टी (सपा) द्वारा महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये देने के वादे से जुड़े पोस्टर अमेठी में हटा दिए गए हैं। यह कार्रवाई भाजपा कार्यकर्ताओं की शिकायत के बाद पुलिस द्वारा की गई।
जानकारी के अनुसार सपा नेत्री गुंजन सिंह की ओर से पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान के आधार पर शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर ये पोस्टर लगाए गए थे। पोस्टरों में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर महिलाओं को आर्थिक सहायता देने का वादा दर्शाया गया था। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इन पोस्टरों को चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए अमेठी कोतवाली में आपत्ति दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद कोतवाली प्रभारी रवि सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी आपत्तिजनक पोस्टरों को हटवा दिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा फोन के माध्यम से शिकायत की गई थी, जिसे गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की गई।
वहीं, इस कार्रवाई पर सपा नेत्री गुंजन सिंह ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने प्रशासन की मदद से सपा के राजनीतिक एजेंडे से जुड़े पोस्टर हटवाए हैं, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

