धारा लक्ष्य समाचार पत्र
अपर पुलिस अधीक्षक ने किया घटना स्थल का निरीक्षण
जगदीशपुर/अमेठी। जिले के जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया। हारीमऊ गांव के पास निर्माणाधीन अंत्येष्टि स्थल के नजदीक सड़क किनारे एक युवक की चेहरा कुचली हुई लाश मिलने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार निर्माणाधीन श्मशान गृह से लगभग 100 मीटर दूर सड़क किनारे युवक का शव पड़ा मिला। मृतक का चेहरा इतनी बुरी तरह कुचला गया था कि प्रथम दृष्टया उसकी पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा था। शव के ऊपर एक साइकिल भी पड़ी हुई थी, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया। वहीं श्मशान गृह के अंदर ईंट और लकड़ी के डंडे पर खून के निशान पाए गए हैं।

पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या पहले श्मशान गृह के अंदर ही की गई। हमलावरों ने पहले लकड़ी के डंडे से युवक को मौत के घाट उतारा, इसके बाद ईंट से उसका चेहरा कुचल कर पहचान मिटाने की कोशिश की गई। हत्या के बाद शव को घसीटते हुए श्मशान गृह से बाहर सड़क किनारे फेंक दिया गया और साइकिल ऊपर डालकर घटना को हादसे का रूप देने का प्रयास किया गया।
इस संबंध में कोतवाली जगदीशपुर के प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि रविवार सुबह ग्रामीणों से शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंचने पर शव की शिनाख्त नहीं हो पा रही थी, लेकिन बाद में मृतक की पहचान मक्खन सिंह (36 वर्ष) पुत्र पृथ्वी पाल सिंह, निवासी गूंगेमऊ, थाना जगदीशपुर, जनपद अमेठी के रूप में हुई। परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे मौके पर पहुंच गए हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है और जल्द ही हत्या का खुलासा किया जाएगा।


