फायरिंग के दौरान घायल हुआ छोटू मिश्रा, अवैध हथियार बरामद।
धारा लक्ष्य समाचार शफीक अहमद
सीतापुर। सिधौली थाना क्षेत्र के ग्राम बाड़ी स्थित कोनी घाट पुल के पास पुलिस और कुख्यात अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में जबरन वसूली के मामले में वांछित 50 हजार रुपये का इनामिया अपराधी छोटू मिश्रा उर्फ सुनील मिश्रा उर्फ संजय मिश्रा घायल हो गया, जिसे पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी मोटरसाइकिल से आ रहा था। पुलिस टीम द्वारा रोकने पर उसने फायरिंग कर भागने की कोशिश की, जिस पर आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक संदिग्ध अपाचे मोटरसाइकिल, अवैध 12 बोर तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस, मोबाइल फोन और 1940 रुपये नकद बरामद किए हैं।
बताया गया है कि आरोपी के खिलाफ सिधौली सहित अन्य थानों में हत्या, लूट व आर्म्स एक्ट सहित नौ से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर एसओजी टीम व थाना सिधौली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली।

