धारा लक्ष्य समाचार पत्र
त्रिवेदीगंज बाराबंकी । विकास खंड अंतर्गत नारायनपुर गांव में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को उप जिलाधिकारी राजेश कुमार विश्वकर्मा ने चारागाह की 28 बीघा सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटवा दिया। इस भूमि पर कई वर्षों से कुछ ग्रामीणों ने कब्जा कर गेहूं की फसल बो रखी थी।

अवैध कब्जे की शिकायत मिलने के बाद एसडीएम राजेश कुमार विश्वकर्मा राजस्व टीम और पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने चारागाह की गाटा संख्या 180, 182, 400मि., 385मि., 402 और 148 की पैमाइश कराई। पैमाइश के बाद 28 बीघा भूमि पर खड़ी गेहूं की फसल को ट्रैक्टर चलवाकर जोत दिया गया, जिससे भूमि को कब्जा मुक्त किया जा सके।

नरायनपुर गांव में राम गोपाल, सियाराम, पुनई, राम पाल, महावीर, कोमल, रामफली, रामेश्वर और रितुराज सहित कई लोगों ने चारागाह की भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा था। शिकायत के बाद हुई जांच में यह कब्जा सही पाया गया था, जिसके बाद प्रशासन ने यह कार्रवाई की।
एसडीएम राजेश कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि कब्जा मुक्त कराई गई चारागाह की जमीन को अब गौशाला की भूमि से जोड़ दिया गया है। इस पर गौशाला के पशुओं के लिए चारा बोया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में फिर से इस भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया गया, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया है। यह कार्रवाई अवैध कब्जों के खिलाफ एक बड़ा संदेश मानी जा रही है। इस दौरान तहसीलदार नम्रता दुबे और थानाध्यक्ष अभय कुमार मौर्या भी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
