निर्वाचक नामावली वाचन की प्रक्रिया परखीं, बीएलओ को फार्म-6 भरने में सावधानी के निर्देश।
धारा लक्ष्य समाचार
सीतापुर संवाददाता शफीक अहमद
सीतापुर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जनपद में निर्वाचक नामावली के सत्यापन और अद्यतन का कार्य जारी है। इसी क्रम में 11 जनवरी 2026 को सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ द्वारा उपस्थित मतदाताओं के समक्ष निर्वाचक नामावली का वाचन किया गया।
इस दौरान बीएलओ, सुपरवाइजर एवं पदाभिहीत अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और मतदाताओं से नाम, पता व अन्य विवरणों की पुष्टि कराई गई।
कार्यक्रम की निगरानी के लिए नगर मजिस्ट्रेट सीतापुर ने प्राथमिक विद्यालय इस्माइलपुर, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, राजा रघुबर दयाल इंटर कॉलेज, जफर गर्ल्स मेमोरियल इंटर कॉलेज, मिशन गर्ल्स जूनियर हाईस्कूल एवं आर्यकन्या इंटर कॉलेज सहित कई मतदान बूथों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया।
नगर मजिस्ट्रेट ने बीएलओ को निर्देश दिए कि फार्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं का चिन्हीकरण पूरी सावधानी से किया जाए। उन्होंने कहा कि फार्म में रिश्तेदार का इपिक नंबर, मोबाइल नंबर और पिनकोड अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए,
ताकि नामांकन प्रक्रिया पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित रहे। साथ ही सभी बूथों को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अनिवार्य रूप से खुला रखने के निर्देश दिए गए, जिससे अधिक से अधिक नागरिक सूची पुनरीक्षण में भाग लेकर अपनी प्रविष्टियों का सत्यापन कर सकें।

