धारा लक्ष्य समाचार पत्र
भेटुआ/अमेठी। जनपद के विकास खंड भेंटुआ अंतर्गत पंधौली गांव से निखित का पुरवा जाने वाला संपर्क मार्ग पूरी तरह से जर्जर हो चुका है। मार्ग की हालत इतनी खराब है कि आए दिन राहगीरों और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों मनोज सिंह, सिंटू सिंह,रवि, कुमार यादव, विक्की सिंह, अवधेश यादव , भल्लू यादवने बताया कि पंधौली गांव से कुछ दूरी तक ही मार्ग का निर्माण कराया गया है, लेकिन उसके आगे का हिस्सा पूरी तरह अधूरा छोड़ दिया गया है।
बरसात के मौसम में सड़क पर गहरे गड्ढे और कीचड़ भर जाने से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। दोपहिया और चारपहिया वाहन आए दिन खराब हो रहे हैं, वहीं स्कूल जाने वाले बच्चों और मरीजों को सबसे अधिक दिक्कत झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मार्ग निर्माण की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से शीघ्र सड़क का निर्माण कराए जाने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

