प्रयागराज का महाकुम्भ देख पूरी दुनिया आश्चर्यचकित : जगदीप धनखड़

आठ साल में यूपी बना उत्तम प्रदेश, अब उद्यम प्रदेश बनने की ओर अग्रसर : उप राष्ट्रपति

लखनऊ। उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि आठ साल में यूपी उत्तम प्रदेश बन चुका है और अब यह उद्यम प्रदेश बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। उन्होंने इसके लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि वे दृढ़संकल्प के साथ उत्तर प्रदेश के विकास के लिए समर्पित हैं। उप राष्ट्रपति ने महाकुम्भ की चर्चा करते हुए कहा कि पूरी दुनिया आश्चर्यचकित है कि प्रयागराज में इतना बड़ा आयोजन आखिर कैसे इतने सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो रहा है। उन्होंने प्रदेश में अपराध में आई गिरावट की तारीफ की और कहा कि इससे ईज ऑफ डुइंग बिजनेस में उल्लेखनीय उछाल आया है। उन्होंने योगी आदित्यनाथ के नारे ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ का समर्थन करते हुए कहा कि उनके इस विचार को पूरे देश ने अपना समर्थन दिया है। उप राष्ट्रपति ने देश में अवैध शरणार्थियों की मौजूदगी पर भी चिंता व्यक्त की।

यूपी अनलिमिटेड पोटेंशियल वाला प्रदेश

उप राष्ट्रपति शुक्रवार को राजधानी के अवध शिल्पग्राम में आयोजित उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मैंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है और आगामी एक फरवरी को परिवार के साथ महाकुम्भ में डुबकी लगाउंगा। ये मेरे लिए गौरव की बात होगी। उन्होंने प्रदेश की जनता को राज्य के स्थापना दिवस की बधाई दी। कहा कि सीएम योगी ने इस बात को चरितार्थ किया है कि यूपी अनलिमिटेड पोटेंशियल वाला प्रदेश है। उन्होंने कहा कि 2018 से राज्य स्थापना दिवस मनाने की परंपरा सराहनीय कदम है। हर स्थापना दिवस पर एक योजना प्रारंभ की गई है। आज मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान का शुभारंभ किया गया है। इसके अंतर्गत 10 लाख उद्यमी ही नहीं बनेंगे, बल्कि ये उद्यमी औरों के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित करेंगे।

यह भी पढ़ें:मोईद खान के भक्तों को नहीं, मिल्कीपुर से राष्ट्रवादियों को चुनाव जिताना हैः सीएम योगी

विश्वस्तरीय संस्थागत ढांचे के निर्माण में यूपी सबसे आगे
उप राष्ट्रपति ने कहा कि यूपी की पहचान इसकी तीव्र और ऐतिहासिक प्रगति के रूप में झलक रही है। ये आसान काम नहीं था। किसी ने सोचा नहीं था ऐसा होगा, इसके लिए योगी आदित्यनाथ साधुवाद के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि विश्वस्तरीय संस्थागत ढांचे के निर्माण में यूपी सबसे आगे है। पूरी दुनिया के लिए ये एक उदाहरण है। तकनीकी और व्यापार के विस्तार में भारत की लंबी छलांग में यूपी की भागीदारी महत्वपूर्ण है। एक जमाना था जब यूपी की पहचान कानून व्यवस्था की चिंता से होती थी।

उससे निकलने का रास्ता नहीं दिखता था। प्रांत एक चक्रव्यूह में फंस गया था। संभावनाएं कुंठित हो गई थी। योगी जी ने इसे सुशासन वाले प्रदेश की पहचान दी है। इस प्रगति की चर्चा देश-विदेश में है। इस प्रदेश पर श्रीराम, श्रीकृष्ण, काशी विश्वनाथ और संकटमोचन बजरंगबली का आशीर्वाद प्राप्त है। गोरखनाथ मठ के महंत इसका नेतृत्व कर रहे हैं। जब नेतृत्वकर्ता मजबूत होता है तो विकास गुणात्मक होता है। इस प्रदेश में योगियों की लंबी शृंखला रही है। आज इस प्रदेश का नेतृत्व एक योगी के हाथ में है। भगवान बुद्ध ने यहां प्रथम संदेश दिया। उत्तर प्रदेश स्वतंत्रता आंदोलन की गाथाओं से ओत प्रोत है।

यह भी पढ़ें:मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव: कारसेवकों के खून से सने हैं सपा के हाथ- योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश राजधर्म और जनकेंद्रित शासन की प्रयोगशाला
उप राष्ट्रपति ने कहा कि 26 साल की उम्र में और बीते 26 साल से योगी आदित्यनाथ ने जनसेवा के लिए खुद को दृढ़संकल्प के साथ समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें महंत अवैद्यनाथ के साथ सांसद बनने और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिला था। उन्होंने कहा कि लगातार दो बार मुख्यमंत्री बनने वाले इस प्रांत में केवल योगी आदित्यनाथ हैं। इनका कार्यकाल किसी भी पहले के मुख्यमंत्री से ज्यादा रहा है। कहा कि देश और व्यक्ति के जीवन में ऐसे मौके आते हैं जब हालात चुनौतीपूर्ण हों, तब बात असरदार और धारदार होनी चाहिए।

अपराध पर कुठाराघात का संदेश पूरे देश में गया
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का आंकलन करें तो इस प्रदेश ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में लंबी छलांग लगाई है। यह 19वें से दूसरे स्थान आ गया हैं। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि केवल एक मामले में मुख्यमंत्री जी ‘दोषी’ हैं। वह ये कि यूपी में अपराध के मामले में गति कम हो गई है। अपराध पर कुठाराघात का संदेश पूरे देश में गया है। बीते सात-आठ वर्ष में प्रदेश का निर्यात दोगुना हो चुका है। एयरपोर्ट, मेट्रो की संख्या बढ़ी है। प्रयागराज महाकुम्भ देख पूरी दुनिया आश्चर्यचकित है। विश्व की कई संस्थाएं इसका अध्ययन कर रही हैं, कि इतना बड़ा आयोजन हो कैसे रहा है। प्रदेश ने जो लक्ष्य 1 ट्रिलियन डॉलर इकोनामी का रखा है, वो पूरा होते दिखाई दे रहा है।

इस अवसर पर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मंत्रीगण राकेश सचान, जयवीर सिंह, राज्यसभा सांसद डॉ दिनेश शर्मा, संजय सेठ, मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।

बॉक्स

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Dhara Lakshya samachar के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts