Amethi UP : बजट 2026-27 को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया, किसी ने बताया हितकारी तो किसी ने कहा झुनझुना

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

अमेठी। केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए बजट 2026-27 को लेकर अमेठी जनपद में राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की ओर से मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आई है। जहां कुछ लोगों ने इसे सभी वर्गों के लिए हितकारी बताया, तो वहीं कई नेताओं और समाजसेवियों ने बजट को आम जनता के लिए निराशाजनक करार दिया।

किसान कांग्रेस मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश द्विवेदी ने बजट पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट केवल एक झुनझुना है, जिसमें किसानों और आम जनता के लिए कोई ठोस राहत नहीं दिखाई दे रही है।

वहीं संग्रामपुर के पूर्व प्रधान संघ अध्यक्ष संजीव सिंह (रामू) ने कहा कि यह बजट सबके लिए हितकारी है, और सभी वर्गों को राहत देने वाला है। इस बजट से युवाओं को शिक्षा और व्यापारियों को लाभ मिलेगा।

समाजसेवी अनिल कुमार पांडेय ‘मुन्ना’ ने बजट को आम जनता की अपेक्षाओं पर खरा न उतरने वाला बताया और उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रही जनता को इस बजट से कोई विशेष राहत नहीं मिली है। बजट में विदेशों में पढ़ने वाले युवाओं को तो राहत दी गई है लेकिन आम जनता व गरीब युवाओं को राहत नहीं मिली है।

दूसरी ओर भाजपा संग्रामपुर मंडल अध्यक्ष राजेश शुक्ला ने बजट को लेकर सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा कि यह बजट समग्र विकास की दिशा में उठाया गया एक ठोस कदम है और इससे सभी वर्गों को लाभ मिलेगा।

समाजवादी पार्टी के जिला प्रवक्ता राजेश मिश्रा (एडवोकेट) ने बजट को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि यह बजट जनता के लिए बिल्कुल भी सही नहीं है और यह सरकार का एक छलावा मात्र है। और यह बजट आम जनता को गुमराह कर ठगने वाला है।

कुल मिलाकर बजट 2026-27 को लेकर अमेठी में अलग-अलग वर्गों और दलों की भिन्न-भिन्न राय सामने आई है।

Related posts