भाजपा प्रशासन तंत्र के दुरूपयोग से मिल्कीपुर में गड़बड़ी करने की बना रही रणनीति-अखिलेश यादव

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि जनता समझ चुकी है कि भाजपा कभी भी सच क्यों नहीं बोलती है। झूठ और लूट ही उसका एक मात्र मिशन है और विकास का उसके पास कोई विजन नहीं है। सत्ता का दुरूपयोग कर भाजपा झूठे आश्वासन देती है और विपक्ष को बदनाम करने के लिए नए-नए बहाने गढ़ती है। अब जनता मिल्कीपुर उपचुनाव सहित 2027 के चुनावों में भी उसे करारी शिकस्त देने का इरादा कर चुकी है। भाजपा जैसे 2017 में प्रदेश की सत्ता में आई थी 2027 में वैसे ही सत्ता से बाहर हो जाएगी।

यादव ने कहा कि पांच फरवरी को मिल्कीपुर के उपचुनाव में जनता ने समाजवादी पार्टी पर ही भरोसा करने का मन बना लिया है। यह उपचुनाव जीतना लोकतंत्र के लिए भी आवश्यक है। मिल्कीपुर उपचुनाव के नतीजों का असर अगले विधानसभा चुनाव पर पड़ेगा। पिछले उपचुनावों की तरह भाजपा प्रशासन तंत्र के दुरूपयोग से मिल्कीपुर में भी चुनाव में गड़बड़ी करने की रणनीति बना रही है। अभी से ग्राम प्रधानों को धमकियां दी जा रही हैं। विपक्षी कार्यकर्ताओं को डराया-धमकाया जा रहा है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे लगाए जा रहे है ताकि वे समाजवादी पार्टी के पक्ष में प्रचार न कर सके।  लेकिन भाजपा की एक चाल भी कामयाब नहीं हो सकेगी।

यह भी पढ़ें: मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव: कारसेवकों के खून से सने हैं सपा के हाथ- योगी आदित्यनाथ

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की लाख साजिशों के बावजूद जनता की सर्वोपरि ताकत को नकारा नहीं जा सकता है। समाजवादी पार्टी पीडीए के संकल्प के साथ सबको जोड़ने में लगी है। इसके तहत सामाजिक न्याय की सफलता में सबकी भागीदारी रहेगी। समाजवादी पार्टी लोकतंत्र, समाजवाद और संविधान के लिए प्रतिबद्ध है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Dhara Lakshya samachar के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts