“इंग्लैंड को हराकर भारत रचे इतिहास, बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से मांगा जीत का आशीर्वाद ।
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर भारतीय क्रिकेट टीम का बढ़ाया मनोबल।


गंगा निर्मलता के लिए नित्य प्रति प्रेरित करती नमामि गंगे टीम ने टी – 20 विश्वकप क्रिकेट के सेमीफाइनल में इंग्लैंड की टीम पर भारतीय टीम की जीत के लिए श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर आरती उतारकर बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से कामना की। गुरुवार की सुबह भारतीय क्रिकेटरों की तस्वीर, क्रिकेट बैट इत्यादि लेकर राष्ट्रध्वज के साथ नमामि गंगे ने आमजन के साथ टी – 20 विश्व कप में भारत की जीत के लिए शंखनाद किया और भारतीय खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। भारत माता की जय, चक दे इंडिया, जीतेगा भाई जीतेगा – हिन्दुस्तान जीतेगा, बढ़ते चलो के गगन भेदी उद्घोष से ललिता घाट गूंज उठा। नमामि गंगे के सदस्यों के साथ माताओं, बहनों, बुजुर्गों, युवाओं ने मिलकर टीम इंडिया के लिए प्रार्थना की। राज्य स्तरीय क्रिकेट खिलाड़ी रहे गंगा सेवक नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के ब्रांड एम्बेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि अगर भारत को फाइनल का टिकट चाहिए, तो इंग्लैंड के खिलाफ साधारण नहीं, बल्कि “खास” प्रदर्शन करना होगा। भारत के 140 करोड़ लोगों की कसौटी पर मेहनत से खरा उतरना होगा । श्रीकाशी विश्वनाथ और मां गंगा से प्रार्थना है कि भारतीय क्रिकेट टीम सेमीफाइनल में विजयी होकर फाइनल में पहुंचे । प्रार्थना और उत्साहवर्धन के दौरान प्रमुख रूप से नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला, मनीष शर्मा, निशि गर्ग, उत्कर्ष केसरी, संजय गर्ग, अमन एवं बड़ी संख्या में भारतीय क्रिकेट टीम के प्रशंसक मौजूद रहे ।

