होली मिलन समारोह में रंगारंग कार्यक्रम, भारत की विश्व कप जीत पर क्लब हाउस में जश्न।

वाराणसी: जीत होम सोसाइटी में होली मिलन समारोह का कार्यक्रम बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें सोसाइटी की महिलाओं ने डीजे की धुन पर जमकर डांस कर कार्यक्रम का आनंद उठाया।
इसी दौरान टी-20 विश्व कप के फाइनल मैच में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे मुकाबले का भी लोगों ने भरपूर लुत्फ उठाया। सोसाइटी के क्लब हाउस में बड़ी स्क्रीन पर मैच का सीधा प्रसारण देखा गया और हर गेंद पर चौके-छक्कों के साथ दर्शकों का उत्साह देखने लायक था। भारतीय बल्लेबाज संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की शानदार बल्लेबाजी ने सभी का मन मोह लिया। मैच के दौरान 6 ओवर में बनने वाले रनों को लेकर सोसाइटी के सदस्यों के बीच शर्त भी लगी थी। जीत होम के अध्यक्ष रवि शंकर शर्मा ने 6 ओवर में 85 से 90 रन बनने की भविष्यवाणी की थी, जबकि टीम ने 92 रन बना दिए। उन्होंने यह भी कहा था कि भारतीय टीम 260 रन के करीब स्कोर बनाएगी, जबकि भारत ने 255 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
न्यूजीलैंड की टीम जब बल्लेबाजी करने उतरी तो हर बार जसप्रीत बुमराह के विकेट लेने पर क्लब हाउस में मौजूद लोगों ने तालियों और उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 155 रन पर समेट दिया और 95 रन से मैच जीतकर एक बार फिर विश्व कप अपने नाम कर लिया।
मैच जीतने के बाद भारतीय टीम को पूर्व कप्तान रोहित शर्मा, महेंद्र सिंह धोनी, अमित शाह, जय शाह और गौतम गंभीर समेत कई प्रमुख हस्तियों ने बधाई दी।
इस ऐतिहासिक जीत की खुशी में जीत होम सोसाइटी के क्लब हाउस में सदस्यों ने डांस कर जश्न मनाया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से रवि शंकर शर्मा, अमरेंद्र प्रताप सिंह, प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, कन्हैयालाल श्रीवास्तव, वी.के. सिंह, के.के. श्रीवास्तव, दिलीप कुमार श्रीवास्तव, गुंजन श्रीवास्तव, सुजीत जायसवाल तथा जीत होम्स सॉल्यूशन के मैनेजिंग डायरेक्टर जीत कुमार सिन्हा सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।


