Sitapur UP: तंबौर नगर पंचायत में डीएम का औचक निरीक्षण अव्यवस्थाओं पर अधिशासी अधिकारी को कड़ी फटकार, निर्माण कार्यों की फाइलों में मिलीं त्रुटियां

धारा लक्ष्य समाचार पत्र 

सीतापुर संवाददाता शफीक अहमद की रिपोर्ट

सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने रविवार को आदर्श नगर पंचायत तंबौर अहमदाबाद कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर के वार्डों की संख्या, जनसंख्या तथा विभिन्न निर्माण कार्यों से संबंधित पत्रावलियों का अवलोकन किया और अधिशासी अधिकारी से विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी को कई निर्माण कार्य वर्क ऑर्डर के अनुरूप नहीं पाए गए, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। साथ ही जेई लघु सिंचाई व पटल सहायक से संबंधित करीब 27 लाख रुपये की पत्रावलियों, आरसीसी निर्माण और गौशाला निर्माण से जुड़ी फाइलों की जांच की। इन पत्रावलियों में कई त्रुटियां मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा नगर पंचायत में उपयोग होने वाले वाहनों की लॉकबुक उपलब्ध न होने और ईंधन रजिस्टर में अधिशासी अधिकारी के हस्ताक्षर न मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने पत्रावलियों के सही रख-रखाव न होने पर भी अधिशासी अधिकारी को फटकार लगाई।

जिलाधिकारी ने जन्म और मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की। प्रमाण-पत्र समय पर जारी न किए जाने की शिकायत मिलने पर उन्होंने निर्देश दिया कि सभी प्रमाण-पत्र निर्धारित समय सीमा के भीतर जारी किए जाएं और किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।

निरीक्षण के दौरान दाखिल-खारिज से संबंधित पत्रावलियों का भी अवलोकन किया गया। साथ ही नगर में पेयजल टंकियों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने और सफाई व्यवस्था से संबंधित रजिस्टर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि नगर पंचायत की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार किया जाए और प्रशासनिक कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

---------------------------------------------------------------------------------------------------

Related posts