नैमिषारण्य गेस्ट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक, मिश्रिख मेला व आगामी त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था पर दिए कड़े निर्देश
धारा लक्ष्य समाचार

सीतापुर संवाददाता शफीक अहमद की रिपोर्ट
सीतापुर। जनपद में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को नैमिषारण्य थाना क्षेत्र स्थित नैमिष गेस्ट हाउस में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस महानिदेशक (लखनऊ जोन) प्रवीण कुमार ने की। बैठक में पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह सहित जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान ADG ने आगामी त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की और सभी थानों में बनाए गए त्योहार रजिस्टर की जांच करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि साधु-संतों और धर्मगुरुओं से जुड़े किसी भी प्रकार के सांप्रदायिक विवाद की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए मामले का शीघ्र निस्तारण किया जाए। मिश्रिख मेले को देखते हुए श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए यातायात प्रबंधन और रूट मैप को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके अलावा ADG ने लंबित विवेचनाओं, एसआर केसों और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी की थानावार समीक्षा की। उन्होंने बिना अनुमति किसी भी जुलूस या कार्यक्रम को आयोजित न होने देने, परंपरागत जुलूसों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने, संवेदनशील स्थानों पर गश्त बढ़ाने तथा आईजीआरएस और साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश भी दिए।
---------------------------------------------------------------------------------------------------

