Barabanki UP: समाज को प्रेरणा और नई दिशा देने का कार्य किया है निषाद राज : जय प्रकाश

केशव मैरिज लान में धूम धाम से मनाई गईं महर्षि कश्यप एवं निषाद राज की जयंती

धारा लक्ष्य समाचार पत्र रिपोर्ट अमन शर्मा

हैदरगढ़, बाराबंकी। नगर पंचायत स्थित केशव मैरिज लॉन रविवार को उस समय सामाजिक एकता और उत्साह का केंद्र बन गया, जब कश्यप निषाद जन कल्याण सेवा समिति के बैनर तले भगवान महर्षि कश्यप एवं महाराज निषाद राज जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में समाज के लोगों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्सव जैसा माहौल बना रहा। क्षेत्र के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।

समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद जयप्रकाश निषाद तथा विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय विधायक दिनेश रावत रहे। कार्यक्रम के आयोजक डॉ. राजेश कुमार कश्यप ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन भोलानाथ निषाद ने किया, जिन्होंने मंच से समाज में एकता, जागरूकता और संगठन की मजबूती पर जोर दिया।

मुख्य अतिथि जयप्रकाश निषाद ने अपने संबोधन में कहा कि महर्षि कश्यप और महाराज निषाद राज के आदर्श आज भी समाज को प्रेरणा और नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति शिक्षा, संगठन और आपसी भाईचारे से ही संभव है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने और सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग रहने की अपील की।

वहीं विधायक दिनेश रावत ने कहा कि निषाद समाज ने हमेशा देश और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों की चर्चा करते हुए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने वर्तमान सरकार और पूर्व सरकार में संचालित योजनाओं की तुलना करते हुए लोगों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

इस दौरान मनोनीत सभासद नन्हे तिवारी, मंडल अध्यक्ष मोहित मिश्रा, मोनू सिंह, पूर्व चेयरमैन पंकज दीक्षित सहित कई जनप्रतिनिधियों ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने भगवान महर्षि कश्यप एवं महाराज निषाद राज के जीवन, संघर्ष, त्याग और समाज के प्रति उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से अध्यक्ष आलोक तिवारी, श्रीमती नीलम गौड़, सतनाम निषाद, देवी प्रताप कश्यप, सुरेश कश्यप, हनुमान निषाद, राधे प्रसाद गौड़, गया प्रसाद कश्यप, दिनेश निषाद, रामकुमार कश्यप, माता बदल कश्यप, दीपक कुमार, मीना यादव, शालिनी कश्यप और श्रीपाल गौड़ सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Related posts