जय पब्लिक स्कूल के छात्र विकास पटेल बने असिस्टेंट कमिश्नर, भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित-आकांक्षा सिंह

वाराणसी, संवाददाता।
कोरौता स्थित जय पब्लिक स्कूल में उस समय उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जब विद्यालय के होनहार छात्र विकास कुमार पटेल के असिस्टेंट कमिश्नर पद पर चयन के उपलक्ष्य में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा घोषित परिणाम में विकास की इस सफलता ने विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित कर दिया है।
विकास पटेल की यह उपलब्धि उनकी वर्षों की कठिन मेहनत, नियमित अध्ययन, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं परिवार के सहयोग का परिणाम है। उनकी सफलता न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि विद्यालय के अन्य छात्रों के लिए भी एक प्रेरणादायक उदाहरण बन गई है।
विद्यालय के चेयरमैन विवेक शंकर सिंह ने कहा कि यह पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि विकास की सफलता ने यह सिद्ध कर दिया है कि सच्ची लगन और समर्पण से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।
विद्यालय की निदेशक सुमन सिंह ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर उन्हें उच्च पदों तक पहुंचाना है, ताकि वे देश और समाज की सेवा कर सकें।
वहीं चेयरपर्सन आकांक्षा सिंह ने विकास को शुभकामनाएं देते हुए इसे विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया और भविष्य में भी ऐसे प्रतिभाशाली छात्रों को तैयार करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर विद्यालय की पूर्व प्रधानाचार्या डॉ. अर्चना म्हस्कर, ग्राम प्रधान अलाउद्दीनपुर बसंतलाल पटेल, पूर्व ग्राम प्रधान विनोद यादव, कोरौता रामलीला समिति के महामंत्री लालजी पटेल, पूर्व ग्राम प्रधान रामआसरे पाल सहित विकास पटेल के माता-पिता मंगला पटेल एवं प्रेमशीला सिंह तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विकास पटेल की इस सफलता से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा विद्यालय और स्थानीय क्षेत्र भी गौरवान्वित महसूस कर रहा है। यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बनकर उन्हें भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी। जय पब्लिक स्कूल भविष्य में भी ऐसे ही उत्कृष्ट परिणामों के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।

