Varanasi UP…नागपुर में चमकी वाराणसी की बेटी: जागृति यादव ने जीता नेशनल बॉक्सिंग में ब्रॉन्ज मेडल।

नागपुर में चमकी वाराणसी की बेटी: जागृति यादव ने जीता नेशनल बॉक्सिंग में ब्रॉन्ज मेडल।

नागपुर महाराष्ट्र जूनियर बालक एवं बालिका राष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता (4 अप्रैल से 12 अप्रैल) में शानदार प्रदर्शन करते हुए महादेव सूर्या विनायक बॉक्सिंग एकेडमी की प्रतिभाशाली खिलाड़ी जागृति यादव ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, कोच और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
जागृति ने प्रतियोगिता के दौरान बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। उन्होंने अपनी पहली फाइट आंध्र प्रदेश की खिलाड़ी को आरएससी के माध्यम से हराया। दूसरी फाइट में कर्नाटक की खिलाड़ी को पहले ही राउंड में आरएससी से पराजित किया। तीसरी फाइट में मणिपुर की खिलाड़ी को एकतरफा मुकाबले में हराकर जीत हासिल की। हालांकि चौथी फाइट में उन्हें हार का सामना करना पड़ा, लेकिन अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया।
महादेव सूर्या विनायक बॉक्सिंग एकेडमी की नियमित खिलाड़ी जागृति यादव ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन से यह सफलता अर्जित की है। उनके कोच दिलीप कुमार सिंह ने उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि जागृति में भविष्य में और बड़े मुकाम हासिल करने की अपार क्षमता है।
जागृति के पिता मनसा यादव और माता रेखा यादव ने बेटी की इस सफलता पर गर्व जताया। वहीं दादा राजनाथ यादव और दादी मालती देवी ने आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस उपलब्धि पर बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव प्रमोद कुमार ने बधाई दी। वाराणसी बॉक्सिंग एसोसिएशन की अध्यक्ष नीलू मिश्रा और सचिव जनार्दन यादव ने भी शुभकामनाएं दीं। अंत में एकेडमी के मुख्य संरक्षक शशिकांत पंडाये ने कोच और खिलाड़ी दोनों को बधाई दी।
जागृति यादव की यह सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है।

Related posts