Varanasi UP….महिलाओं को उनका हक मिलना जरूरी, निषाद पार्टी पूरी तरह प्रतिबद्ध: डॉ. संजय निषाद

महिलाओं को उनका हक मिलना जरूरी, निषाद पार्टी पूरी तरह प्रतिबद्ध: डॉ. संजय निषाद

महिला आरक्षण, राजनीतिक रणनीति और विपक्ष पर बोले कैबिनेट मंत्री; मातृ शक्ति को आगे बढ़ाने पर जोर।

वाराणसी संवाददाता निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने वाराणसी में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान महिला आरक्षण, समाज के अधिकारों और आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि महिलाओं को उनका अधिकार मिलना ही चाहिए और उनकी पार्टी इसके लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी हमेशा से महिलाओं को प्राथमिकता देती रही है। पार्टी को मिली सीटों में महिला उम्मीदवारों को मौका दिया गया और उन्हें जीत भी दिलाई गई। ‘मातृ शक्ति’ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं को उनका हक मिलना चाहिए और जो इसमें बाधा डाल रहे हैं, उन्हें आने वाले समय में महिलाएं ही जवाब देंगी।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें ‘बेईमान’ करार दिया। उनका कहना था कि विपक्ष महिलाओं के अधिकारों की बात तो करता है, लेकिन जमीनी स्तर पर उनके लिए कोई ठोस काम नहीं करता। जनता अब दावों और हकीकत के बीच का अंतर समझ चुकी है।
अपनी पार्टी की ताकत पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी अब केवल टिकट मांगने वाली पार्टी नहीं रही, बल्कि ‘चुनाव जिताने वाली सेना’ बन चुकी है। उन्होंने कांशीराम, मुलायम सिंह यादव और अटल बिहारी वाजपेयी का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस तरह इन नेताओं ने अपने समाज को दिशा दी, उसी तरह निषाद समाज भी राजनीतिक रूप से मजबूत हो रहा है।
वहीं, योगी आदित्यनाथ के हालिया बयान ‘खून दो, आजादी दूंगा’ पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने इसे ‘जुबान फिसलने’ का मामला बताया। उन्होंने कहा कि देश का हर नागरिक जानता है कि यह नारा ऐतिहासिक रूप से किससे जुड़ा है और ऐसी छोटी बातों को मुद्दा बनाना उचित नहीं है।
प्रेस वार्ता के अंत में उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले समय में निषाद पार्टी अपनी राजनीतिक रणनीति को और मजबूत करेगी तथा समाज के हर वर्ग, विशेषकर महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम करती रहेगी।

Related posts