Barabanki UP: बैसाखी पूर्णिमा मेले में डीएम का औचक निरीक्षण—श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर कड़ी नजर, लापरवाही पर चेतावनी

धारा लक्ष्य समाचार पत्र 

बाराबंकी। बैसाखी पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री कोटवा धाम समर्थ साहेब जगजीवन दास बड़े बाबा में लगे मेले के दौरान जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। भारी संख्या में उमड़े श्रद्धालुओं के बीच डीएम ने मौके पर पहुंचकर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की हकीकत परखी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर में विधिवत माथा टेककर आशीर्वाद लिया और जनपद की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने मेले में मौजूद व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा और अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो। भीड़ को देखते हुए उन्होंने विशेष रूप से भीड़ प्रबंधन और पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

डीएम ने प्राथमिक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता पर भी जोर दिया और मौके पर तैनात टीमों से जानकारी लेकर जरूरी सुधार करने को कहा। उन्होंने दो टूक कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सिरौलीगौसपुर अनिल सरोज समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। डीएम की इस सक्रियता से प्रशासनिक अमले में सतर्कता बढ़ी और मेले की व्यवस्थाओं को लेकर जिम्मेदारों में हड़कंप नजर आया।

Related posts