धारा लक्ष्य समाचार पत्र
बाराबंकी। जिले के लोनीकटरा थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता की मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा करीब 12:30 बजे लखनऊ–सुल्तानपुर हाईवे पर छबील चौकी के पास हुआ।

पुलिस के अनुसार, अमेठी जनपद के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के तालुकदार पुरवा गुरखापुर निवासी योगेंद्र सिंह (55) अपने पुत्र आनंद सिंह के साथ अर्टिगा कार से लखनऊ से दवा लेकर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान छबील चौकी के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी और एक पेड़ से टकरा गई।

हादसे में कार चला रहे आनंद सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके पिता योगेंद्र सिंह को भी गंभीर चोटें आईं और वे अचेत हो गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों और एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को त्रिवेदीगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया।
वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद योगेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल आनंद सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलने पर लोनीकटरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि घटना की जानकारी प्राप्त हो गई है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
