New delhi news: समग्र विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शिक्षा के आधुनिकीकरण पर विस्तार से चर्चा

धारा लक्ष्य समाचार पत्र 

नई दिल्ली। असीम कुमार घोष ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच राज्य के समग्र विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शिक्षा के आधुनिकीकरण पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुलाकात के दौरान विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसे उभरते क्षेत्रों में हरियाणा की भागीदारी को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। राज्यपाल ने कहा कि इन आधुनिक तकनीकों को शिक्षा प्रणाली में शामिल कर युवाओं को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाया जा सकता है।

राज्यपाल प्रो. घोष ने प्रधानमंत्री को हरियाणा में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं और उनकी प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और डिजिटल नवाचार के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी।

इस अवसर पर राज्यपाल ने हरियाणा के विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन और समर्थन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य आने वाले समय में विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

यह मुलाकात राज्य और केंद्र के बीच बेहतर समन्वय और भविष्य की योजनाओं को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Related posts