धारा लक्ष्य समाचार पत्र
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी पत्रकारों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि सशक्त राष्ट्र और प्रगतिशील समाज के निर्माण में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि निर्भीकता, निष्पक्षता और सत्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे पत्रकार लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अहम योगदान दे रहे हैं।

उन्होंने कहा, “लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता राष्ट्र और समाज को जागरूक, सशक्त एवं दिशा प्रदान करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।” मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि मीडिया समाज का दर्पण है, जो जनभावनाओं को सामने लाने के साथ-साथ सरकार और जनता के बीच सेतु का कार्य करता है।
मुख्यमंत्री श्री सैनी ने आशा व्यक्त की कि पत्रकारिता से जुड़े सभी लोग भविष्य में भी अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ निर्वहन करते रहेंगे तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।
उन्होंने सभी पत्रकारों के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर कार्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुरक्षित और सफल जीवन की कामना की।
