Chandigadh hariyana News: स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने लोगों से अपील की है कि वे किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) वैक्सीन अवश्य लगवाएं

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

चंडीगढ़। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने लोगों से अपील की है कि वे किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) वैक्सीन अवश्य लगवाएं। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन सरकार द्वारा मुफ्त में उपलब्ध कराई जा रही है, जिसका लाभ अधिक से अधिक लोगों को उठाना चाहिए।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले गंभीर रोगों में से एक है, लेकिन समय पर टीकाकरण और नियमित जांच से इसे पूरी तरह रोका जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से विशेष रूप से आग्रह किया कि वे अपनी बेटियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें और उन्हें समय पर HPV वैक्सीन लगवाएं

उन्होंने कहा, “राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हर महिला को समय पर जांच और उचित उपचार मिले, ताकि सर्वाइकल कैंसर को जड़ से खत्म किया जा सके।”

सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर निशुल्क टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को इस बीमारी के लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में जानकारी दी जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे टीकाकरण अभियान को तेज गति से आगे बढ़ाएं और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में अधिक से अधिक किशोरियों तक इसकी पहुंच सुनिश्चित करें।

स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए राज्य सरकार निरंतर नई योजनाएं और कार्यक्रम चला रही है, ताकि एक स्वस्थ और सुरक्षित समाज का निर्माण किया जा सके।

Related posts