धारा लक्ष्य समाचार पत्र
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश में सामाजिक न्याय को मजबूती देने का कार्य पिछले कुछ वर्षों में प्रभावी रूप से हुआ है। उन्होंने कहा कि जब से देश की बागडोर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में आई है, तब से सामाजिक न्याय केवल एक नारा नहीं रहा, बल्कि इसे सरकार की नीति और नियत दोनों में शामिल किया गया है।

मुख्यमंत्री सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं ओबीसी समाज से आते हैं और उन्होंने अपने कार्यकाल में हमेशा समाज के वंचित, पिछड़े और गरीब वर्गों को मुख्यधारा में लाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि सरकार की नीतियों का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को समान अवसर प्रदान करना है, ताकि कोई भी व्यक्ति विकास की दौड़ में पीछे न रह जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार केंद्र सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर रही है, जिससे हरियाणा में भी सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को सशक्त बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश में पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ योजनाओं का क्रियान्वयन हो रहा है, जिससे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है और जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ सीधे पहुंच रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार की यह प्रतिबद्धता आगे भी जारी रहेगी और सामाजिक न्याय को और अधिक मजबूती मिलेगी।
(धारा लक्ष्य समाचार)
