रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली।अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के जाति प्रमाण-पत्र जारी करने की व्यवस्था तथा क्रीमीलेयर निर्धारण के संबंध में भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी शासनादेशों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आज कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता अपर आयुक्त (प्रशासन) राधेश्याम ने की।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सहदेव मिश्र एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ उपस्थित रहे।उप निदेशक, पिछड़ा वर्ग कल्याण लखनऊ मण्डल लखनऊ अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य जाति प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया में शामिल अधिकारियों एवं कार्मिकों को अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए क्रीमीलेयर निर्धारण के मानकों, शासनादेशों तथा प्रमाण-पत्र जारी करने की निर्धारित व्यवस्था के संबंध में स्पष्ट एवं व्यवहारिक जानकारी उपलब्ध कराना रहा।
अपर आयुक्त (प्रशासन) ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का भली-भांति अध्ययन करते हुए जाति प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया में उनका शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्तियों को प्रमाण-पत्र जारी करने में शासन की निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जाए तथा प्रकरणों के निस्तारण में पूरी पारदर्शिता एवं सावधानी बरती जाए।
कार्यशाला में क्रीमीलेयर निर्धारण से संबंधित विभिन्न प्रावधानों, पात्रता के मानकों तथा जाति प्रमाण-पत्र जारी किए जाने की प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही अधिकारियों एवं कार्मिकों की जिज्ञासाओं एवं व्यावहारिक समस्याओं का समाधान करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
इस अवसर पर जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी पीयूष चन्द्र राय सहित समस् उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारी/कार्मिक उपस्थित रहे।
