हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र से सचखंड श्री हजूर साहिब, नांदेड़ के लिए विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस विशेष यात्रा में प्रदेश के 9 जिलों से 800 से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए, जो गुरुद्वारा साहिब के दर्शन के लिए रवाना हुए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा भारत की समृद्ध आध्यात्मिक परंपरा और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने संगत से आह्वान किया कि वे गुरु साहब की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाएं और समाज में प्रेम, सेवा और भाईचारे की भावना को मजबूत करें।

मुख्यमंत्री ने महाराज सरदार जस्सा सिंह रामगढ़िया जी के जन्म दिवस पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि उनका जीवन समाज सेवा, पराक्रम और समर्पण का प्रतीक है, जिससे हमें प्रेरणा लेनी चाहिए।


उन्होंने आगे कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य है कि आने वाली पीढ़ियां भी इन महान धरोहरों से जुड़कर अपनी संस्कृति और परंपराओं पर गर्व कर सकें।


मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 15 मई को सिरसा से भी सचखंड श्री हजूर साहिब, नांदेड़ के लिए एक और विशेष ट्रेन रवाना की जाएगी।

इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और लोगों को अपनी आस्था से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
