राष्ट्रीय समाज सेवक संघ ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज, रायबरेली। नैय्या नाले में आए उफान और बाढ़ के कारण क्षेत्र के किसानों की धान की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। फसलों की बर्बादी और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय समाज सेवक संघ ने मंगलवार को उपजिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपकर किसानों के हित में तत्काल कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि बाढ़ के चलते क्षेत्र के अधिकांश गांवों में किसानों की धान की फसल जलमग्न होकर नष्ट हो गई है, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। संगठन ने मांग की कि प्रभावित किसानों को हुए वास्तविक नुकसान के अनुपात में उचित आर्थिक क्षतिपूर्ति प्रदान की जाए तथा पूरे क्षेत्र को आधिकारिक रूप से बाढ़ प्रभावित घोषित किया जाए।
राष्ट्रीय समाज सेवक संघ के पदाधिकारियों ने क्षेत्र में हो रही अनियमित विद्युत कटौती पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शाम के समय लगातार बिजली कटने से बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कार्यों और आम जनजीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
उन्होंने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार कर निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने की मांग उठाई।इस अवसर पर राष्ट्रीय समाज सेवक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राम कुमार, राष्ट्रीय महासचिव रामेश्वर लोधी सहित संगठन के दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
