Raybareli news: सूरज ढलते ही लुटेरों ने लूट की घटना को दिया अंजाम, बीएसएफ जवान के माता-पिता को बनाया निशाना

घटना के बाद क्षेत्र में मचा हड़कंप, स्थानीय पुलिस की सक्रियता पर भी उठे सवाल

सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर क्षेत्राधिकारी संग जांच पड़ताल में जुटी पुलिस

जिला रिपोर्टर रायबरेली रोहित मिश्रा 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

बछरावां रायबरेली। थाना क्षेत्र के अंतर्गत बीते बुधवार की शाम 7:00 बजे के आसपास उस समय हड़कंप मच गया, जब सूरज ढलते ही बाइक सवार दो लुटेरो ने अपनी बाइक से निमंत्रण में जा रहे एक बीएसएफ जवान के माता- पिता को निशाना बनाते हुए लूट की घटना को अंजाम दे दिया। लुटेरे पीड़ित के पास से नगदी समेत लाखो रुपए के जेवरात पार कर फरार हो गए।

लूट की इस वारदात से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और लोग स्थानीय पुलिस की सक्रियता पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है। विदित हो कि थाना क्षेत्र के दूलमपुर मजरे कुंदनगंज गांव के रहने वाले संतराम पुत्र भगवानदास बीते बुधवार की देर शाम 7:00 बजे के आसपास अपनी पत्नी शंभू देवी के साथ अपनी एक रिश्तेदारी में आयोजित एक मांगलिक कार्यक्रम के निमंत्रण में शामिल होने के लिए घुरौना पोस्ट हरदोई जा रहे थे।

वह जैसे ही करनपुर गांव के आगे स्थित डेयरी से 500 मीटर आगे बढ़े, तभी दो अज्ञात युवक, जो अपाचे गाड़ी से आए और उन्होंने पीड़ित की गाड़ी के आगे अपनी गाड़ी खड़ी कर उन्हें हथियार दिखाते हुए उनसे 3500 रुपए नगद एवं उनकी पत्नी से गले की चैन, मंगलसूत्र, झुमकी, अंगूठी व अन्य जेवरात लूट लिए और कुंदनगंज की तरफ फरार हो गए। लूट की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया है।

वहीं पीड़ित संतराम के द्वारा स्थानीय थाने में घटना की तहरीर देकर कार्यवाही करने की बात कही गई है। इस बाबत थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि घटना की तहरीर प्राप्त हुई है, जांच पड़ताल की जा रही है। वही जानकारी यह भी प्राप्त हुई है कि पीड़ित संतराम का बेटा बीएसएफ में तैनात है, जिसके द्वारा घटना की जानकारी जनपद के पुलिस अधीक्षक रवि कुमार को भी दी गई है।

और रात में पुलिस अधीक्षक रवि कुमार एवं अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह के द्वारा स्थानीय पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की गई है। वही एसटीएफ के द्वारा भी मामले की छानबीन की जा रही है।

गुरुवार को उक्त मामले में क्षेत्राधिकारी महाराजगंज प्रदीप कुमार स्थानीय पुलिस के साथ सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल कर जांच पड़ताल करने में जुटे हुए हैं।

Related posts