“रफ्तार बनी काल, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ आज”
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
तिलोई, अमेठी। इन्हौना थाना क्षेत्र में देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और भांजी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा हिंदुस्तान ढाबे के पास उस समय हुआ जब बाइक सवार परिवार बाजार से घर लौट रहा था।
जानकारी के अनुसार बिझौरा गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार (28) अपनी पत्नी खुशबू और भांजी शिवानी के साथ बाइक से इन्हौना बाजार से घर वापस जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची इन्हौना पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सिंहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने धर्मेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी पत्नी और भांजी का इलाज जारी है।
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी विवेक सिंह ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जल्द ही वाहन और चालक की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
