Raybareli news: अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त की डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा, गांव में तनाव

जिला रिपोर्टर रायबरेली रोहित मिश्रा 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। हरचंदपुर थाना क्षेत्र के अजमतउल्लागंज स्थित पंडित के पूरवा गांव में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को अराजक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों और अंबेडकर समर्थकों में भारी आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे लोगों ने प्रतिमा को टूटी हुई अवस्था में देखा, जिसके बाद क्षेत्र में नाराजगी फैल गई। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस विभाग सक्रिय हो गया। एसडीएम, क्षेत्राधिकारी (सीओ), तहसीलदार तथा हरचंदपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालते हुए ग्रामीणों को शांत कराया।अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि क्षतिग्रस्त प्रतिमा को जल्द ही सही कर पुनः स्थापित कराया जाएगा। साथ ही दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।घटना के बाद गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

पुलिस लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन अंबेडकर समर्थकों में घटना को लेकर गहरा रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

Related posts