जिला रिपोर्टर रायबरेली से रोहित मिश्रा
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
लालगंज (रायबरेली)लालगंज-सेमरी मार्ग पर चौकी के पास शुक्रवार को दो मोटरसाइकिलों की जोरदार भिड़ंत में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार रामू पुत्र फूलचंद (30) निवासी गोविंदपुर फतेहपुर अपने भांजे शिवांश पुत्र सर्वेश कुमार (10) निवासी बंसीखेड़ा के साथ बाइक से तकिया से सेमरी की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान चौकी के पास दूसरी मोटरसाइकिल से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने रामू को मृत घोषित कर दिया। वहीं शिवांश की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
