जिला रिपोर्टर रायबरेली से रोहित मिश्रा
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली।महराजगंज कस्बे में रविवार दोपहर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। ईदगाह के पास हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।जानकारी के अनुसार पूरे छत्ता मजरे राजापुर सीवन गांव निवासी 30 वर्षीय सौरव सिंह पुत्र दुर्योधन सिंह किसी काम से रायबरेली गए थे और वापस अपने घर लौट रहे थे।
दोपहर करीब 12:30 बजे जब वह महराजगंज कस्बे स्थित ईदगाह के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सौरव सिंह सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए तत्काल एम्बुलेंस बुलवाई और घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज पहुंचाया। सीएचसी के डॉक्टर संजय राय ने बताया कि घायल का उपचार जारी है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
