जिला रिपोर्टर रायबरेली से रोहित मिश्रा
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली।लालगंज थाना क्षेत्र में दबंगों की दबंगई का मामला सामने आया है। ग्राम ईश्वरीगंज मजरे खजूर गांव में एक पीड़ित परिवार की भूमि पर जबरन कब्जा करने की कोशिश से इलाके में हड़कंप मच गया। आरोप है कि दबंगों ने पीड़ित की जमीन की दीवार तोड़कर कब्जा करने का प्रयास किया।
पीड़ित शिवनाथ यादव पुत्र स्वर्गीय बैजनाथ यादव ने बताया कि गांव के ही दीपक यादव पुत्र रामबहादुर यादव और अंकित यादव अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और विवादित भूमि पर जबरन कब्जा करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने दबंगई दिखाते हुए जमीन की बनी दीवार को क्षतिग्रस्त कर दिया।घटना से घबराए पीड़ित ने तत्काल 112 इमरजेंसी पुलिस सेवा को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कब्जे की कार्रवाई रुकवा दी, जिससे बड़ा विवाद टल गया।घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
