Raybareli news: बछरावां में पशु तस्करों पर बड़ा प्रहार, 120 मूक पशुओं को कराया गया मुक्त

जिला रिपोर्टर रायबरेली से रोहित मिश्रा 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली।बछरावां थाना क्षेत्र में पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस और हिंदू संगठनों की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता हाथ लगी है। फतेहपुर और लखनऊ के बजरंग दल कार्यकर्ताओं से मिली सटीक सूचना के आधार पर बछरावां पुलिस ने पश्चिम गांव के निकट बाईपास चौराहे पर घेराबंदी कर अवैध रूप से पशुओं से भरे एक ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक में करीब 120 मूक पशु ठूंस-ठूंस कर भरे गए थे, जिन्हें कथित रूप से वध के लिए ले जाया जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल और हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने मुस्तैदी दिखाते हुए तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जबकि पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई लंबे समय से सक्रिय एक बड़े पशु तस्करी नेटवर्क को बेनकाब करने में अहम साबित हो सकती है।

पुलिस ने सभी पशुओं को सुरक्षित कब्जे में लेकर उनके संरक्षण की व्यवस्था कराई है। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देश पर पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हिंदू संगठनों और पुलिस की सक्रियता की व्यापक चर्चा हो रही है।

Related posts