Raybareli news: अनियंत्रित होकर पलटा बैटरी ऑटो, युवक की दर्दनाक मौत से मचा कोहराम

जिला रिपोर्टर रायबरेली से रोहित मिश्रा 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। महराजगंज कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बैटरी ऑटो पलटने से 34 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि मृतक के परिवार में कोहराम छा गया।घटना कोटवा मोहम्मदाबाद चौकी क्षेत्र के डीह गांव के सामने जौनपुर शारदा सहायक खंड नहर मार्ग पर हुई। बताया जा रहा है कि बैटरी ऑटो मऊ गर्वी (बड़ी मऊ) की ओर से आ रहा था।

इसी दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में गुड्डू मिश्रा पुत्र राम किशोर मिश्रा निवासी मऊ गर्वी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बैटरीऑटो में सवार ओरी लाल और उनकी बेटी सुरक्षित बच गए।स्थानीय लोगों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी और 108 एम्बुलेंस की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया जा रहा है कि मृतक अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। घटना के बाद वृद्ध पिता राम किशोर मिश्रा का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

Related posts